रेत की रफ्तार बनी मौत की वजह: ट्रैक्टर-मोटरसाइकिल की टक्कर में एक की मौत, दूसरा गंभीर
त्योंथर। सोहागी थाना क्षेत्र के बुदामा गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में रेत से लदे ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर रेत परिवहन में इस्तेमाल हो रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए।
ग्रामीणों का कहना है कि डीह घाट क्षेत्र में लंबे समय से रेत उत्खनन और परिवहन का कार्य जारी है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने रेत वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलते ही सोहागी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। हालांकि, एक युवक ने अस्पताल के रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतक और घायल की पहचान की जा रही है, और हादसे के अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी है और ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Continue With Google
Comments (0)