रेलवे के प्वॉइंट्समैन के बेटे की तालाब में डूबने से मौत

  बरगी: बरगी थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय बेटे की तालाब में डूबने से मौत हो गई। रविवार को वह तालाब में स्नान करने के लिए गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में डूब गया था। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उसे मृत हालत में तालाब से निकाला गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बरगी के ग्राम खमरिया में रहने वाले विष्णु यादव रेलवे में प्वॉइंट्समैन की नौकरी करते हैं। उनकी तैनाती शिकारा में है। रविवार की दोपहर उनका बेटा राजा यादव घर से कहकर निकला कि वह गांव के तालाब में नहाने के लिए जा रहा है। नहाते समय वह गहरे पानी में डूब गया। उसे डूबता देख ग्रामीणों ने मदद की गुहार लगाई और परिजनों को सूचना दी। गांव के लोगों द्वारा तालाब में उसकी खोज शुरू की गई और करीब 2 घंटे के बाद बालक को मृत अवस्था में तालाब से बाहर निकाला गया।