मजदूर की मौत ने पकड़ा तूल, कार्रवाई न होने पर थाना घेराव की चेतावनी
बरगी नगर। क्षेत्र में मजदूर की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। बीते 22 मार्च को बरगी नगर स्थित सिंचाई विभाग के पुराने भवन की दीवार गिरने से मजदूर धनीराम झारिया की मौके पर ही मौत हो गई थी।
मृतक की पत्नी मुन्नी बाई ने बताया कि धनीराम रोजाना सिंचाई विभाग के कर्मचारी नरहर पटेल के ट्रैक्टर से मजदूरी करने जाता था। घटना वाले दिन भी वह दीवार तोड़ने का कार्य कर रहा था, तभी अचानक दीवार भरभराकर गिर गई, जिसके नीचे दबने से उसकी जान चली गई।
घटना के बाद से परिजनों का आरोप है कि पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे परिवार में आक्रोश व्याप्त है। परिजन लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं।
इसी कड़ी में जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक संजय यादव पीड़ित परिवार से मिलने मनखेड़ी पहुंचे। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने और आरोपी नरहर पटेल के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
संजय यादव ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ थाना घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

Continue With Google
Comments (0)