राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विद्यार्थियों द्वारा वैज्ञानिक मॉडलों की प्रदर्शनी

डॉ. सी.वी.रमन प्रसिद्ध भारतीय वैज्ञानिक थे : डॉ.घनश्याम भारती

गढाकोटा। सागर जिले के शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गढ़ाकोटा शनिवार विज्ञान संकाय एवं भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. घनश्याम भारती जी ने की।

इस अवसर पर विज्ञान संकाय से ब्रजलाल अहिरवार, श्रीमती आस्था दुबे, श्रीमती सुप्रिया जैन,श्रीमती रचना जैन, सुश्री रोशनी रोहित,शरद चौबे तथा भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ प्रभारी श्रीमती शिम्पी मौर्या ने विज्ञान के विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन ब्रजलाल अहिरवार द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा विविध वैज्ञानिक विषयों पर आकर्षक एवं नवीन मॉडल तैयार किए गए। विद्यार्थियों ने अपने-अपने मॉडलों की विस्तृत वैज्ञानिक जानकारी एवं कार्यप्रणाली को बेहद प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्राचार्य डॉ.भारती एवं उपस्थित सभी शिक्षकों ने प्रत्येक मॉडल का सघन अवलोकन करते हुए छात्रों की वैज्ञानिक समझ, रचनात्मकता और प्रस्तुति कौशल की सराहना की।

अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. भारती ने कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस वैज्ञानिक चेतना और नवाचार को प्रोत्साहित करने का संदेश देता है। उन्होंने प्रसिद्ध वैज्ञानिक डॉ.सी.बी.रमन के प्रभाव की चर्चा करते हुए विज्ञान में उनके सराहनीय योगदान को महत्वपूर्ण बताया। विद्यार्थियों को शोध प्रवृत्ति और जिज्ञासा विकसित करने के लिए प्रेरित किया। प्रदर्शनी में लाइट रिफ्लेक्शन एवं डिफ्रेक्शन, जियोस्टेशनरी सैटेलाइट,थर्मल पावर प्लांट, पेंडुलम ऑसिलेशन, चंद्रयान-3, हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्लांट,विंड एनर्जी,एस्केलेटर,ऑटोमैटिक वाटर डिस्पेंसर, लॉ ऑफ मोशन,हाइड्रोलिक क्रेन तथा इलेक्ट्रिक कंडक्टर एवं इंसुलेटर जैसे विषयों पर तैयार मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम उत्साह और ऊर्जा से परिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।