गीत पटेल ने प्रदेश में स्थान प्राप्त कर मां-बाप का सिर गर्व से किया ऊंचा
गढ़ाकोटा। सागर जिले के गढाकोटा नगर के मेधावी छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया। विशेष रूप से छात्र गीत पटेल ने प्रदेश स्तर पर स्थान प्राप्त कर अपने माता-पिता एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है, जिससे पूरे नगर में हर्ष और उत्साह का वातावरण बना हुआ है।
इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक पं गोपाल भार्गव द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन उनके निज निवास गणनायक में किया गया। इस कार्यक्रम में संदीपनी साबूलाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के कक्षा 10वीं एवं 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर, पुष्पमाला पहनाकर,प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे,जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साह और गौरव से भर गया।
अपने उद्बोधन में विधायक गोपाल भार्गव ने छात्रों की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास,अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ विद्यार्थी जीवन में ऊँचाइयों को छू सकते हैं। साथ ही उन्होंने छात्रों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनोज तिवारी,प्राचार्य एस.एस.ठाकुर,कार्यालय प्रभारी जयकांत खरे,निर्मल जैन,आनंद सोनी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा ऐसे प्रेरणादायक आयोजनों को निरंतर जारी रखने की बात कही।

Continue With Google
Comments (0)