गुना इंडस्ट्रियल एरिया में भीषण आग का तांडव: रतरा इंडस्ट्रीज की पाइप फैक्ट्री में भारी नुकसान

रिपोर्ट: वेद प्रकाश आर्य, गुना
मोबाइल: 8209725107

मंगलवार को गुना के इंडस्ट्रियल एरिया में रतरा इंडस्ट्रीज की प्लास्टिक पाइप एवं डिस्पोजल सामग्री बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भयंकर आग लग गई। इस अग्निकांड के चलते फैक्ट्री में रखा प्लास्टिक पाइप, प्लास्टिक दाना, कच्चा माल तथा तैयार उत्पाद जलकर राख हो गए। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

प्रारंभिक आकलन के अनुसार, इस हादसे में करीब 40 से 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियाँ, चार पानी के टैंकर, पुलिस प्रशासन और नगर पालिका का अमला मौके पर पहुंच गया।

आग की भयावहता के कारण दमकल कर्मियों को फैक्ट्री में आग बुझाने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका और प्रशासन ने जेसीबी मशीन की मदद से फैक्ट्री की दीवार और मुख्य गेट को तुड़वाया ताकि दमकल कर्मी अंदर प्रवेश कर सकें। इसके बाद चारों तरफ से पानी की बौछार कर युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।

लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास स्थित अन्य फैक्ट्रियों तक आग फैलने का खतरा बना हुआ था।

  • घटनास्थल पर व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, फैक्ट्री संचालक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे और राहत कार्य की निगरानी करते रहे।
  • आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इंडस्ट्रियल एरिया के आसपास दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देता रहा और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच कराई जाएगी।