नर्मदा महाविद्यालय में विधि पाठ्यक्रम नियमित करने की मांग को लेकर एबीवीपी का प्रदर्शन, उच्च शिक्षा मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
नर्मदापुरम, गुरुवार। शासकीय नर्मदा महाविद्यालय, नर्मदापुरम में संचालित विधि विभाग के पाठ्यक्रमों को नियमित रूप से जारी रखने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने उच्च शिक्षा मंत्री के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए विधि पाठ्यक्रम की निरंतरता सुनिश्चित करने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, महाविद्यालय में विधि विभाग की शुरुआत वर्ष 1998 में हुई थी, जहां तीन वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रम संचालित किया जाता था। इसके बाद शैक्षणिक सत्र 2022-23 से बीए एलएलबी पांच वर्षीय एकीकृत पाठ्यक्रम प्रारंभ किया गया। हालांकि, आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय द्वारा पाठ्यक्रम की अनुमति प्रदान नहीं किए जाने के कारण महाविद्यालय बीसीआई (बार काउंसिल ऑफ इंडिया) से संबद्धता संबंधी आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहा है। इसके चलते नए विद्यार्थियों के लिए बीए एलएलबी पाठ्यक्रम में प्रवेश की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
इसी समस्या के समाधान और विधि पाठ्यक्रम को नियमित रूप से संचालित कराने की मांग को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शासकीय नर्मदा महाविद्यालय परिसर में एकत्रित हुए। इसके बाद रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्ट्रेट के गेट नंबर-2 पर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कई घंटों तक धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
प्रदर्शन के बाद कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल को चर्चा के लिए बुलाया और उच्च शिक्षा मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन स्वीकार किया। एबीवीपी पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि विधि पाठ्यक्रम को पुनः विधिवत रूप से प्रारंभ कर विद्यार्थियों के हितों की रक्षा नहीं की गई, तो संगठन द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन में विभाग संयोजक मृदुल नाथ चौहान, नगर मंत्री दिव्यांश शर्मा, धनंजय चौकसे, इशिका मालवीय, लवलेश गढ़वाल, कृष्ण वंशकार, विवेक पटेल, दिव्यांश दुबे, युवराज यादव, यशवंत वर्मा, माही यादव, मोनिका अनुज, अंशुल सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)