गढ़ाकोटा। सागर जिले के गढाकोटा के शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में घोषित हुए परीक्षा परिणाम को लेकर विद्यार्थियों में असंतोष देखने को मिल रहा है। सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य घनश्याम भारती को ज्ञापन सौंपकर परिणाम की जांच कराने एवं त्रुटियों को सुधारने की मांग की।
विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों का कहना है कि बी.ए., बी.एससी. एवं बी.कॉम. तृतीय वर्ष के लगभग 100 छात्र-छात्राओं के परिणाम में फेल अथवा सप्लीमेंट्री दर्शाई गई है। छात्रों का आरोप है कि कई विद्यार्थियों ने परीक्षा अच्छी तरह दी थी, इसके बावजूद उनके परिणाम अपेक्षा के अनुरूप नहीं आए हैं, जिससे उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से परिषद ने मांग की है कि विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर परिणामों की पुनः जांच कराई जाए तथा यदि किसी प्रकार की तकनीकी या मूल्यांकन संबंधी त्रुटि हो तो उसे शीघ्र सुधारकर संशोधित परिणाम जारी किए जाएं। इस दौरान विद्यार्थियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो विद्यार्थी परिषद आगे आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
छात्र अतुल तिवारी ने बताया कि "बी.ए.,बी.एससी.और बी.कॉम. तृतीय वर्ष के करीब 100 विद्यार्थियों को फेल या सप्लीमेंट्री दिखाया गया है। हम चाहते हैं कि परिणाम की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जिन विद्यार्थियों के साथ त्रुटि हुई है उनका रिजल्ट अपडेट किया जाए।"
वहीं मामले को लेकर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य घनश्याम भारती ने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा दिए गए ज्ञापन को संज्ञान में लिया गया है और संबंधित विषय में आवश्यक प्रक्रिया के तहत विश्वविद्यालय को अवगत कराया जाएगा।विद्यार्थी परिषद द्वारा ज्ञापन प्राप्त हुआ है। विद्यार्थियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित जानकारी विश्वविद्यालय को भेजी जाएगी तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।"

Continue With Google
Comments (0)