आलोट। मेरा युवा भारत, रतलाम द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत 17 अक्टूबर को शासकीय सांदीपनि विद्यालय में नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट 2026-27 का आयोजन किया गया। नशामुक्त युवा थीम पर आयोजित कार्यक्रम में करीब 150 युवाओं ने भाग लिया।

जिला युवा अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर परिषद उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह सोलंकी रहे। विशेष अतिथि के रूप में युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष पुष्पराज सिंह सोलंकी, विधायक प्रतिनिधि मोहक मेहता, यातायात थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह, विद्यालय प्राचार्य फिरोज खान सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में युवाओं ने नशामुक्त समाज और सशक्त राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया। संचालन गोपाल पोरवाल ने किया तथा आभार मेरा युवा भारत के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर भेरू सिंह सोलंकी ने माना।