आलोट। मोगली बाल महोत्सव के तहत रतलाम में आयोजित जिला स्तरीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता में सान्दीपनि विद्यालय आलोट के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में कक्षा सातवीं के विद्यार्थी चंचल परमार, पिता ओमप्रकाश परमार और पृथ्वीराज सिंह, पिता भारत सिंह ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्थान बनाया है। दोनों विद्यार्थियों का पांच दिवसीय राष्ट्रीय वन अभ्यारण्य वन भ्रमण के लिए भी चयन हुआ है।

प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, मानक चौक, रतलाम में किया गया। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। सान्दीपनि विद्यालय के विद्यार्थियों ने कनिष्ठ एवं वरिष्ठ दोनों वर्गों में सहभागिता की।

कनिष्ठ वर्ग में चंचल परमार और पृथ्वीराज सिंह ने पर्यावरण, वन्यजीव, जैव विविधता तथा प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े प्रश्नों के आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिए। उनके प्रदर्शन के आधार पर दोनों का चयन आगामी राज्य स्तरीय मोगली बाल महोत्सव प्रश्न मंच प्रतियोगिता के लिए किया गया।

विद्यालय के गतिविधि शिक्षक सम्पतलाल बैरागी ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के साथ दोनों विद्यार्थियों का पांच दिवसीय राष्ट्रीय वन अभ्यारण्य भ्रमण के लिए चयन विद्यालय के लिए गौरव की बात है।

विद्यार्थियों के चयन पर विद्यालय के प्राचार्य फिरोज खान, उप प्राचार्य पीयूष शर्मा एवं प्रधानाचार्य सत्यनारायण सोनगरा ने बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ उनके ज्ञान और आत्मविश्वास का भी विकास होता है।

दोनों विद्यार्थियों के चयन से विद्यालय परिवार में हर्ष है। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उनके आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।