आलोट। श्री महावीर हायर सेकेंडरी स्कूल, आलोट में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए हेड बॉय एवं हेड गर्ल का चयन लोकतांत्रिक परंपरा के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी और अनुशासित चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में मतदान को लेकर उत्साह का माहौल रहा और विद्यार्थियों ने जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

हेड बॉय पद के लिए दिव्यांश गोस्वामी, अंकित सोलंकी एवं महेंद्र सिंह परिहार के बीच मुकाबला हुआ, जबकि हेड गर्ल पद के लिए इंसिया लोखंडवाला, जितिशा भट्ट एवं राजनंदिनी लोहार चुनाव मैदान में रहीं। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने बैलेट पेपर और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग प्रणाली के माध्यम से शांतिपूर्ण ढंग से मतदान किया।

मतगणना पूरी होने के बाद दिव्यांश गोस्वामी को हेड बॉय एवं राजनंदिनी लोहार को हेड गर्ल निर्वाचित घोषित किया गया। परिणाम सामने आते ही विद्यालय में खुशी का माहौल छा गया। विजेताओं का शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया और उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि इस प्रकार की चुनाव प्रक्रिया विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व, निर्णय लेने की योग्यता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर होने वाले ऐसे चुनाव विद्यार्थियों को भविष्य में जागरूक, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।

विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रत्याशियों के उत्साह और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की सराहना करते हुए नव-निर्वाचित हेड बॉय एवं हेड गर्ल से विद्यालय की गरिमा बनाए रखने तथा शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय नेतृत्व प्रदान करने की अपेक्षा व्यक्त की।

चुनाव प्रक्रिया को सफल एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में विभाग प्रमुख वीरेंद्र सिंह पंवार सहित योगेंद्र मीणा, नीरज जैन, रिकीकांत मेतवासा, एम.एस. सिसोदिया, लतेश पाटीदार, महेंद्र राठौर, पल्लवी परिहार, रिजवाना खातून, एरिक नायडू एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।