प्रदेश में 7वां स्थान पाने वाली आशनी यादव का ग्राम पंचायत ने किया सम्मान

स्वतंत्रता दिवस पर पंचायत ने बढ़ाया बेटी का हौसला, 5 हजार रुपए की सम्मान राशि देकर किया सम्मानित

टीकमगढ़। जनपद पंचायत जतारा अंतर्गत ग्राम पंचायत खैरा की होनहार बेटी आशनी यादव ने कक्षा 10वीं की परीक्षा में प्रदेश स्तर पर 7वां स्थान हासिल कर अपने गांव ही नहीं, बल्कि पूरे टीकमगढ़ जिले का नाम रोशन किया है। छात्रा की इस शानदार उपलब्धि पर ग्राम पंचायत खैरा ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विशेष सम्मान समारोह आयोजित कर उसका उत्साहवर्धन किया।

समारोह में ग्राम पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि ब्रजकिशोर यादव ने आशनी यादव को माला पहनाकर सम्मानित किया और उसकी उपलब्धि के सम्मान में 5 हजार रुपए की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की। प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्रा को सम्मान मिलने पर मौजूद ग्रामीणों और शिक्षकों ने भी खुशी जताते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

91 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले ऋषभ को भी मिला सम्मान

कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10वीं में 91 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले छात्र ऋषभ यादव को भी ग्राम पंचायत की ओर से सम्मानित किया गया। सरपंच प्रतिनिधि ने ऋषभ को माला पहनाकर 500 रुपए की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की और उसकी मेहनत की सराहना की।

प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना जरूरी : ब्रजकिशोर यादव

सरपंच प्रतिनिधि ब्रजकिशोर यादव ने कहा कि गांव के बच्चों का प्रदेश और जिले के स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करना पूरे ग्राम के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें सही दिशा और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने परिवार, गांव तथा जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सचिव सगीर खान, ग्राम रोजगार सहायक लाखन सिंह यादव, स्कूल के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की उपलब्धियों को लेकर उत्साह का माहौल रहा और ग्रामीणों ने भी प्रतिभावान विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया।