EPFO ने EDLI स्कीम में किए महत्वपूर्ण बदलाव, जानें कैसे मिलेगा कर्मचारियों को लाभ

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने एम्प्लॉई डिपॉजिट लिंक्ड इंश्योरेंस (EDLI) स्कीम में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं, जिनसे नौकरी बदलने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों को बड़ा लाभ मिलेगा। 17 दिसंबर 2025 को जारी किए गए नए सर्कुलर के अनुसार, अब जॉब चेंज करते समय 60 दिनों तक का गैप भी कंटीन्यूअस सर्विस माना जाएगा।

EDLI स्कीम में बदलाव: जानें प्रमुख बातें

  • सर्विस ब्रेक की नई परिभाषा: यदि कोई कर्मचारी एक कंपनी छोड़कर दूसरी कंपनी जॉइन करता है और बीच में शनिवार, रविवार या कोई घोषित छुट्टी (राष्ट्रीय, राजपत्रित, राज्य या प्रतिबंधित अवकाश) आती है, तो इसे सर्विस ब्रेक नहीं माना जाएगा।
  • गैप की सीमा: नौकरी बदलते समय अधिकतम 60 दिनों तक का गैप होने पर भी सर्विस को कंटिन्यूअल माना जाएगा।
  • बीमा कवर में सुधार: अब यदि किसी कर्मचारी की पीएफ बैलेंस 50,000 रुपये से कम है, तो भी परिवार को कम से कम 50,000 रुपये का बीमा लाभ मिलेगा।

EDLI स्कीम: कर्मचारियों के लिए वित्तीय सुरक्षा

1976 में शुरू की गई EDLI योजना का उद्देश्य कर्मचारियों के असामयिक निधन की स्थिति में उनके परिवारों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना है। यह योजना EPF खाताधारकों को जीवन बीमा प्रदान करती है, खासकर उन कर्मचारियों को कवर करती है, जिनकी नौकरी के एक वर्ष के भीतर मृत्यु हो जाती है। योजना के तहत 2.5 लाख रुपये से 7 लाख रुपये के बीच बीमा कवरेज मिलता है।