आमला। नगर स्थित बैंक ऑफ इंडिया की आमला शाखा इन दिनों ग्राहकों की परेशानियों का कारण बनी हुई है। बैंक में आने वाले खाताधारकों को जहां पार्किंग, बैठने और वाहन खड़े करने जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव झेलना पड़ रहा है, वहीं लंच टाइम के दौरान बैंकिंग कार्य पूरी तरह प्रभावित होने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
ग्राहकों के अनुसार बैंक परिसर में दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं है। इसके चलते लोगों को अपने वाहन सड़क किनारे खड़े करने पड़ते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बैंक के सामने दोपहिया वाहनों के लिए भी कोई निर्धारित स्टैंड नहीं होने से अव्यवस्था का माहौल बना रहता है।
बैंक में प्रतिदिन बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले खाताधारक पहुंचते हैं, लेकिन उनके बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। लंबी कतारों में ग्राहकों को घंटों खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है, जिससे उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
सबसे गंभीर शिकायत बैंक के लंच टाइम को लेकर सामने आई है। ग्राहकों का आरोप है कि दोपहर के समय बैंक के सभी काउंटर एक साथ बंद कर दिए जाते हैं और मुख्य गेट तक बंद कर दिया जाता है। इससे बैंकिंग कार्य पूरी तरह ठप हो जाता है और दूर-दराज से आने वाले लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।
जानकारों का कहना है कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के दिशा-निर्देशों के अनुसार बैंकों में ग्राहकों की सेवाएं बाधित नहीं होनी चाहिए और कर्मचारियों के लिए लंच व्यवस्था चरणबद्ध तरीके से की जाती है। इसके बावजूद यदि सभी काउंटर एक साथ बंद किए जा रहे हैं तो यह ग्राहकों की सुविधा के विपरीत है।
स्थानीय नागरिकों और खाताधारकों ने बैंक प्रबंधन एवं उच्च अधिकारियों से मांग की है कि शाखा में पार्किंग, बैठने की व्यवस्था, वाहन स्टैंड सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा लंच टाइम के दौरान भी कम से कम आवश्यक बैंकिंग सेवाएं जारी रखी जाएं।
ग्राहकों का कहना है कि बैंक की शाखा में प्रतिदिन सैकड़ों लोग अपने जरूरी कार्यों के लिए पहुंचते हैं, इसलिए मूलभूत सुविधाओं और बेहतर व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना बैंक प्रबंधन की जिम्मेदारी है। नागरिकों ने शीघ्र सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
बैंक ऑफ इंडिया आमला शाखा में अव्यवस्थाओं का अंबार, मूलभूत सुविधाओं के अभाव से ग्राहक परेशान
पार्किंग नहीं, बैठने की व्यवस्था नहीं, बैंक ग्राहकों की बढ़ी मुश्किलें
Continue With Google
Comments (0)