आलोट। नगर में शासकीय ब्लड बैंक की स्थापना की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। विप्र रक्त संगठन, शाखा आलोट ने मंगलवार को मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर आलोट में शासकीय रक्तकोष (ब्लड बैंक) खोले जाने की मांग की।
संगठन के अध्यक्ष नकुल खरोल एवं सचिव योगेश निगम ने बताया कि आलोट एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को रक्त की आवश्यकता पड़ने पर रतलाम, उज्जैन या मंदसौर जैसे शहरों पर निर्भर रहना पड़ता है, जो लगभग 100 किलोमीटर दूर हैं। ऐसे में दुर्घटनाओं, प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव, थैलेसीमिया सहित अन्य गंभीर बीमारियों के मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध नहीं हो पाता, जिससे कई बार जान का जोखिम बढ़ जाता है।
ज्ञापन में कहा गया है कि आलोट तहसील की बड़ी आबादी को देखते हुए यहां शासकीय ब्लड बैंक की स्थापना अत्यंत आवश्यक है। इससे न केवल नगर बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर रक्त उपलब्ध हो सकेगा और गंभीर मरीजों की जान बचाने में मदद मिलेगी।
संगठन ने शासन से जनहित में शीघ्र ब्लड बैंक की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है। ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर रतलाम एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को भी भेजी गई है। संगठन ने उम्मीद जताई कि शासन इस जनहित की मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्रवासियों को महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराएगा।
Continue With Google
Comments (0)