आमला। नगरपालिका परिषद आमला ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में सम्पत्तिकर राजस्व वसूली के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश की सभी नगरीय निकायों में 5वां स्थान प्राप्त किया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर संचालनालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास, भोपाल द्वारा नगरपालिका परिषद आमला को 3.25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया है।

मुख्य नगरपालिका अधिकारी नितिन बिजवे के मार्गदर्शन में नगरपालिका के राजस्व विभाग ने व्यापक स्तर पर सम्पत्तिकर वसूली अभियान संचालित किया। अभियान के तहत कर्मचारियों ने घर-घर जाकर करदाताओं से सम्पर्क किया तथा नागरिकों को समय पर कर जमा करने के लिए प्रेरित किया। नगरभर में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से मुनादी कराई गई, वहीं जनपद चौक पर बड़े बकायादारों की सूची होर्डिंग्स के जरिए सार्वजनिक की गई। इसके साथ ही विभिन्न समाचार पत्रों के माध्यम से भी समय-समय पर सम्पत्तिकर जमा करने की अपील की गई।

नगरपालिका के सुनियोजित प्रयासों और नागरिकों के सहयोग का सकारात्मक परिणाम सामने आया। वित्तीय वर्ष के दौरान चालू एवं बकाया मांग के विरुद्ध 72 प्रतिशत सम्पत्तिकर वसूली दर्ज की गई, जिसने नगरपालिका आमला को प्रदेश में पांचवां स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस उपलब्धि में नगरपालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे, मुख्य नगरपालिका अधिकारी नितिन बिजवे, राजस्व प्रभारी अखिलेश राजनेगी, सहायक प्रभारी पृथ्वीराज चौहान सहित वार्ड प्रभारी जहांगीर खान, दुर्गेश कुबड़े, सूर्यभान गव्हाडे, संतोषी अडमाचे, रमेश सरियाम, रोशन कवड़े, हरिश कोसे, परसराम सराठिया, सुभाष सिरसाम एवं गीता खातरकर सहित समस्त राजस्व कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

मुख्य नगरपालिका अधिकारी नितिन बिजवे ने इस उपलब्धि पर राजस्व विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ नगर हित में कार्य करते हुए बेहतर राजस्व संग्रह और विकास कार्यों को गति दी जाएगी।