आमला। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा घोषित नगर मंडलम अध्यक्ष एवं ग्रामीण/स्थानीय संगठनात्मक नियुक्तियों की सूची में आमला क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण फैसले सामने आए हैं। कांग्रेस संगठन ने आमला नगर मंडलम अध्यक्ष के रूप में बंटी सोनी को जिम्मेदारी सौंपी है, जबकि नगर की उपनगरी बोडखी में अशोक ‘पिंटू’ हाथिया को नगर मंडलम अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इन नियुक्तियों को कांग्रेस संगठन द्वारा स्थानीय स्तर पर सक्रिय, जनसंपर्क वाले और साफ छवि के कार्यकर्ताओं पर जताए गए भरोसे के रूप में देखा जा रहा है।
*सामाजिक सक्रियता का मिला संगठनात्मक सम्मान*
जानकारी के अनुसार, बंटी सोनी लंबे समय से सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वे नगर की कई धार्मिक एवं सामाजिक समितियों से जुड़े रहे हैं और स्थानीय स्तर पर उनकी सक्रिय पहचान रही है।
वहीं अशोक ‘पिंटू’ हाथिया को बोडखी क्षेत्र में सभी वर्गों में मजबूत पकड़ और जनसंपर्क के लिए जाना जाता है। उनकी नियुक्ति को बोडखी क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
*संगठन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद*
कांग्रेस की इन नियुक्तियों को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि दोनों नए मंडलम अध्यक्षों के नेतृत्व में नगर और उपनगरीय क्षेत्र में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस इस बार संगठनात्मक ढांचे को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है, जिसके तहत सक्रिय और जनता से जुड़े चेहरों को आगे लाया जा रहा है।
*नियुक्ति के बाद जताया आभार*
नियुक्ति के बाद बंटी सोनी और अशोक ‘पिंटू’ हाथिया ने मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला कांग्रेस नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। दोनों नेताओं ने कहा कि वे संगठन द्वारा दिए गए दायित्व को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे तथा पार्टी को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य करेंगे।

Continue With Google
Comments (0)