बैतूल। आजाद समाज पार्टी कांशीराम के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य दामोदर यादव और प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र विद्रोही अपने प्रदेशव्यापी दौरे के दौरान बैतूल पहुंचे। यहां कुणाल रेस्टोरेंट में कड़ी सुरक्षा के बीच कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई, जिसके बाद नेताओं ने मीडिया से बातचीत कर केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला।
बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी रणनीति और वर्तमान राजनीतिक हालातों पर विस्तार से चर्चा की गई। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया।
दामोदर यादव ने केंद्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि देश में असंवैधानिक नीतियों के जरिए आडंबर और पाखंड को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी और विकास जैसे मूलभूत मुद्दों से ध्यान भटकाने का काम कर रही है।
उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज के कथित अपमान को गंभीर बताते हुए तत्काल माफी की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो संगठन सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा।
प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र विद्रोही ने स्पष्ट कहा कि पार्टी मानवतावादी विचारधारा पर आधारित है और इसमें पाखंडवाद व मनुवादी सोच के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी को न मनुवादियों की जरूरत है और न ही उनके वोटों की—बहुजन समाज ही संगठन की असली ताकत है।
मध्यप्रदेश कोर कमेटी सदस्य पंकज अतुलकर ने जानकारी दी कि प्रदेश दौरे के तहत नेता बालाघाट, सिवनी और छिंदवाड़ा में कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए बैतूल पहुंचे हैं। यहां उनका भव्य स्वागत किया गया और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बैठक व प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाग लिया।
भीम आर्मी के संभागीय संयोजक महेंद्र काशिव मेहरा ने पाढर निवासी ज्योति मोहबिया के आत्महत्या प्रकरण को उठाते हुए आरोप लगाया कि मानसिक प्रताड़ना के बावजूद दोषियों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि न्याय नहीं मिला तो संगठन बड़ा आंदोलन करेगा।
कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष रम्मू पाटिल, अलीमुद्दीन और ललित चौहान ने आभार व्यक्त किया। इसके बाद दामोदर यादव का काफिला नर्मदापुरम के लिए रवाना हो गया।