आमला, 13 जून 2026। आमला शहर संपर्क अभियान 2026 के तहत वार्ड क्रमांक 08 में विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान हेतु विशेष संपर्क एवं शिकायत निवारण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण कर उपभोक्ताओं को तत्काल राहत प्रदान की गई।

अभियान के अंतर्गत बिल संबंधी 2 शिकायतों का समाधान किया गया। वहीं बिजली बिल भुगतान से संबंधित 24 प्रकरणों का निराकरण करते हुए लगभग 67 हजार रुपये की राशि का संग्रहण किया गया। तकनीकी, वोल्टेज एवं सर्विस लाइन से जुड़ी 4 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कर विद्युत आपूर्ति को सुचारू बनाया गया।

इसके अलावा उपभोक्ताओं के नाम परिवर्तन से संबंधित 3 प्रकरणों का सफलतापूर्वक निपटारा किया गया तथा एक उपभोक्ता को घरेलू स्थायी विद्युत कनेक्शन जारी किया गया।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है। वार्ड में प्राप्त सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में निराकरण किया गया, जिससे नागरिकों ने संतोष व्यक्त किया।

अधिकारियों ने कहा कि आमला शहर संपर्क अभियान के माध्यम से शहर के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनी जा रही हैं तथा उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है।