बोरदेही। ग्राम पंचायत बोरदेही में आयोजित जन कल्याण निवारण शिविर में विभिन्न विभागों ने आमजन एवं किसानों की समस्याओं का समाधान किया। शिविर में कुल 238 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 195 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों को आवश्यक जांच एवं कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।

शिविर में कृषि विभाग द्वारा किसानों को शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं, उर्वरक वितरण व्यवस्था तथा खरीफ सीजन की तैयारियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों को ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से खाद प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाते हुए बताया कि इससे वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहती है और किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध हो पाता है।

"खेती बचाओ अभियान" के तहत किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग, उत्पादन लागत कम करने और भूमि की उर्वरा शक्ति बनाए रखने के उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी।

कृषि विशेषज्ञों ने सॉइल हेल्थ कार्ड योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसानों को नियमित मिट्टी परीक्षण कराने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि मिट्टी की जांच के आधार पर उर्वरकों का उपयोग करने से उत्पादन में वृद्धि होती है और भूमि की गुणवत्ता भी सुरक्षित रहती है।

आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को विभिन्न योजनाओं के तहत उपलब्ध उन्नत किस्म के बीजों, उनकी विशेषताओं और वितरण प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही कृषि विभाग द्वारा संचालित अन्य अनुदान एवं किसान हितैषी योजनाओं से भी अवगत कराया गया।

इस दौरान ग्रामीणों ने ग्राम के प्रमुख चौक-चौराहों एवं मुख्य मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने की मांग रखी। ग्रामीणों का कहना था कि इससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, सड़क दुर्घटनाओं की निगरानी बेहतर होगी तथा असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा।शिविर में उपस्थित किसानों ने कृषि संबंधी समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। अधिकारियों ने किसानों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा वैज्ञानिक एवं आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में भाजपा अनुसूचित मोर्चा के उपाध्यक्ष रोशन भम्मरकर, जनपद सदस्य सुजीत खंडागरे, जनपद पंचायत सीईओ पंकज दारोठिया, नोडल अधिकारी अविनाश भम्मरकर, ग्राम पंचायत बोरदेही की सरपंच सरिता साहू, सचिव नत्थू नागले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य एवं विद्युत विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।