आमला। थाना क्षेत्र के ग्राम लालावाड़ी रेलवे क्रॉसिंग के पास मामूली विवाद के बाद हुई चाकूबाजी की घटना का आमला पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में उपजेल मुलताई भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे तथा एसडीओपी आमला एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना आमला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार 30 जून 2026 को ग्राम लालावाड़ी रेलवे क्रॉसिंग के समीप मामूली कहासुनी के बाद आरोपियों ने विनोद मोड़क एवं उसके साथी योगेंद्र मोड़क के साथ पहले हाथ-मुक्कों से मारपीट की और फिर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
पीड़ित की शिकायत पर थाना आमला में अपराध क्रमांक 276/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने लगातार पतारसी और तलाश जारी रखी तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर 3 जुलाई को घटना में शामिल सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में विकास पिता वारेलाल जोठे (18), भानू पिता लिखीराम जोठे (20), नवीन पिता मुकेश मोहबे (22), विकास पिता बसंत यादव (22) निवासी इटारसी जिला नर्मदापुरम तथा मोहित पिता मनोज कुमार मालवीय (18) हाल निवासी बस स्टैंड आमला शामिल हैं। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
*पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका*
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश ठाकुर, उपनिरीक्षक नितिन उईके, सहायक उपनिरीक्षक रामेश्वर सिंह, प्रधान आरक्षक नीलेश सोनी, बसंत उईके, संतोष मालवीय, विकास वर्मा, कमल पांसे तथा आरक्षक विवेक टेटवार, नागेंद्र सिंह, रोहित कुशवाह, आदेश कवरेती, शशिकांत आरसे, विनोद अस्तरे एवं सैनिक रामराव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
*एसपी की अपील*
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें। छोटी-सी कहासुनी को हिंसक रूप देना गंभीर परिणाम ला सकता है। किसी भी विवाद की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल 112 पर दें। बैतूल पुलिस जिले में शांति, कानून व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Continue With Google
Comments (0)