आमला। पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार संचालित राज्यव्यापी "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के तहत थाना आमला पुलिस द्वारा शनिवार, 18 जुलाई 2026 को दो स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन, युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।

अभियान के अंतर्गत थाना आमला पुलिस ने गोरखनाथ कॉलोनी स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में पहुंचकर स्थानीय नागरिकों, नशे के आदी व्यक्तियों एवं उनके परिजनों से संवाद किया। इस दौरान उन्हें नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों की जानकारी दी गई तथा नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया गया। उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।

इसी क्रम में थाना आमला पुलिस द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक बालिका विद्यालय, आमला में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को नशे की लत के दुष्परिणामों, इससे बचाव के उपायों तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार एवं समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों एवं छात्राओं को "SAY NO TO DRUGS – नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के तहत नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई और नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प कराया गया।