आमला। नगर के तहसीलदार चाल क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। साहूकार परिवार की बड़ी बहू रंजिता यादव (37) अपने घर के बाथरूम में शॉवर के पाइप से फंदे पर लटकी मिली। घटना ने पूरे नगर को स्तब्ध कर दिया। मृतका अपने पीछे दो माह की मासूम बेटी और 9 वर्षीय पुत्री को छोड़ गई है।
परिजनों के अनुसार करीब 45 मिनट तक बाथरूम का दरवाजा नहीं खुलने पर परिवार के लोगों ने दरवाजा तोड़ा, जहां रंजिता फंदे पर लटकी मिली। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आमला ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, मर्ग कायम कर जांच शुरू की तथा पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
*"मेरी बहन के सपने बड़े थे, मौत नहीं"*
मृतका इंदौर की रहने वाली थी और एमकॉम शिक्षित थी। विवाह से पहले वह नौकरी भी कर चुकी थी। मृतका की मां ने बताया कि रंजिता अपनी बड़ी बेटी को खिलाड़ी और दो माह की छोटी बेटी को आईएएस अधिकारी बनाना चाहती थी। ऐसे में उसका यह कदम पूरे परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक और अविश्वसनीय है।
*बहन का आरोप— झूठ बोलकर शादी कराई, फिर शुरू हुई प्रताड़ना*
पोस्टमार्टम के दौरान मीडिया से बातचीत में मृतका की बहन विजेता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विवाह से पहले बताया गया था कि रंजिता का पति नागपुर में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, लेकिन शादी के बाद वह आमला में कपड़े का व्यवसाय करता मिला। उनका आरोप है कि ससुर सुरेंद्र यादव, सास पुष्पा यादव और देवरानी मुस्कान यादव लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। गाली-गलौज, ताने और अपमान के कारण रंजिता लंबे समय से तनाव में थी। विजेता ने कहा, "मेरी बहन ने आत्महत्या नहीं की, उसे इस स्थिति तक पहुंचाया गया। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।"
*ससुराल पक्ष ने नहीं दी कोई प्रतिक्रिया*
मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर ससुराल पक्ष से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने इस संबंध में कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
*जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई*
पुलिस ने बताया कि फिलहाल मर्ग जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। यदि जांच में मानसिक प्रताड़ना या किसी अन्य अपराध के पर्याप्त साक्ष्य सामने आते हैं, तो संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Continue With Google
Comments (0)