आमला। नगरवासियों की सुविधा, सुरक्षा और आस्था को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका परिषद आमला ने एक और महत्वपूर्ण जनहित कार्य पूरा कर दिया है। वर्षों से अंधेरे में डूबे रहने वाले चंद्रभागा नदी से मोक्ष धाम (हनुमान मंदिर) तक के मार्ग पर अब स्ट्रीट लाइटें जगमगा उठी हैं। नई प्रकाश व्यवस्था शुरू होने के बाद अब देर रात अथवा अर्धरात्रि में भी मोक्ष धाम जाने वाले लोगों को अंधेरे और असुरक्षा की चिंता नहीं रहेगी।
मोक्ष धाम ऐसा स्थान है, जहां किसी भी समय लोगों का आना-जाना लगा रहता है। रात के समय अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले परिजनों, श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को अंधेरे के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार यह मार्ग दुर्घटनाओं और असुरक्षा की आशंका भी पैदा करता था। नगर पालिका परिषद ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए पूरे मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें स्थापित कर नागरिकों को बड़ी राहत दी है।
नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे ने कहा कि नगरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना परिषद की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मोक्ष धाम जैसे महत्वपूर्ण स्थल तक सुरक्षित और सुगम पहुंच सुनिश्चित करना परिषद की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से इस मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया गया है।
स्ट्रीट लाइट शुरू होने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित कर्मचारियों ने देर रात मौके पर पहुंचकर पूरी व्यवस्था का निरीक्षण किया। चंद्रभागा नदी से लेकर मोक्ष धाम परिसर तक सभी स्ट्रीट लाइटों का भौतिक सत्यापन किया गया और अधिकारियों को नियमित निगरानी एवं रखरखाव के निर्देश दिए गए, ताकि भविष्य में नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नई प्रकाश व्यवस्था से पूरे मार्ग पर दूधिया रोशनी फैल गई है, जिससे मोक्ष धाम और हनुमान मंदिर तक पहुंचना पहले की तुलना में कहीं अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो गया है। इस जनहितकारी पहल पर क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे एवं नगर पालिका परिषद का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि परिषद आगे भी इसी तरह नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देती रहेगी।
Continue With Google
Comments (0)