आमला। थाना क्षेत्र अंतर्गत छावल माता मंदिर परिसर में दर्शन करने पहुंचे एक परिवार के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी अमित पिता मिश्रीलाल नरवरे (35 वर्ष) निवासी बोडखी नाका, आमला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 26 मार्च 2026 को दोपहर करीब 2 बजे अपनी मां अनिता नरवरे, भाई रोहित नरवरे, पत्नी प्रीति नरवरे तथा बच्चों के साथ छावल माता मंदिर दर्शन के लिए गया था।
रिपोर्ट के अनुसार, मंदिर के पास स्थित एक दुकान पर नारियल खरीदने के दौरान उसकी दिलीप गोस्वामी से कहासुनी हो गई। फरियादी का आरोप है कि बाद में पूजा-अर्चना कर मंदिर से बाहर निकलते समय दिलीप गोस्वामी और राजगीर गोस्वामी ने उसे रोककर विवाद शुरू कर दिया और कथित रूप से कॉलर पकड़कर थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि जब उसका भाई रोहित नरवरे बीच-बचाव के लिए आया, तो उसके साथ भी मारपीट की गई। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंचीं उसकी मां अनिता नरवरे और पत्नी प्रीति नरवरे को भी चोटें आईं।
फरियादी ने आरोप लगाया है कि इसी दौरान प्रताप महाराज गोस्वामी भी वहां पहुंचे और उन्होंने भी कथित रूप से मारपीट करते हुए उसे सीढ़ियों पर गिरा दिया। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए दोबारा मंदिर आने पर जान से खत्म करने की धमकी दी।
मारपीट में फरियादी अमित को सिर, पैर और गर्दन पर चोटें आईं, जबकि उसके भाई रोहित को हाथ और पैर में चोट लगी। उसकी मां अनिता और पत्नी प्रीति को भी हाथ में चोट आने की बात कही गई है।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 96/26 के तहत धारा 296बी, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की जांच थाना आमला पुलिस द्वारा की जा रही है।

Continue With Google
Comments (0)