बैतूल। जिले में नाबालिग बालिकाओं के अपहरण एवं दुराचार के दो गंभीर मामलों में शाहपुर पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए दोनों पीड़ित बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन द्वारा जिले में अपराधों पर नियंत्रण एवं गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस राजेश कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में थाना शाहपुर पुलिस ने दोनों प्रकरणों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की।

*प्रथम मामला: मोबाइल लोकेशन से आरोपी तक पहुंची पुलिस*

पहले प्रकरण (अपराध क्रमांक 194/26) में 21 अप्रैल 2026 को फरियादी ने थाना शाहपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए धारा 137(2) बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर ग्राम जालीखेड़ा, थाना केसला क्षेत्र में दबिश दी, जहां से आरोपी सतीश चौहान (20 वर्ष) के कब्जे से नाबालिग को सकुशल बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुराचार करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बालिका को आवश्यक कार्रवाई के बाद उसकी माता के सुपुर्द कर दिया गया।

*दूसरा मामला: पुणे तक पहुंची पुलिस टीम*

दूसरे प्रकरण (अपराध क्रमांक 197/26) में भी इसी तरह की शिकायत थाना शाहपुर में दर्ज हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और संदेही अवतार सिंह धुर्वे (20 वर्ष), निवासी ग्राम पाठई की तलाश शुरू की।

मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम महाराष्ट्र के पुणे पहुंची, जहां से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बालिका को बहला-फुसलाकर पुणे ले जाने और उसके साथ दुराचार करने की बात स्वीकार की। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बालिका को उसके पिता के सुपुर्द किया गया।

*पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका*

दोनों प्रकरणों में थाना प्रभारी शाहपुर निरीक्षक अरविन्द कुमरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।

इस टीम में उपनिरीक्षक सोनम साहू, उपनिरीक्षक नीरज खरे, सहायक उपनिरीक्षक सुनील कैथवास, प्रधान आरक्षक मुकेश साथ, आरक्षक उमेश, आरक्षक सलमान शाह, आरक्षक जयकिशन विश्वकर्मा, महिला आरक्षक मनीषा एवं सायबर सेल से आरक्षक राजेन्द्र धाड़से की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

*पुलिस की अपील*

बैतूल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।