नेपानगर के केंद्रीय विद्यालय में आज कक्षा - 1 का प्रवेश उत्सव मनाया गया। छोटे छोटे बच्चों का आज विद्यालय में पहला दिन रहा जिसे विद्यालय परिवार के प्राथमिक विभाग द्वारा यादगार बनाया गया।सर्वप्रथम कार्यक्रम का संचालन कर रहे मनीष सिंह ने अत्यंत प्रसन्नता और उत्साह के साथ कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का स्वागत किया। प्राचार्य रामावतार यादव ने बताया कि यह एक रोमांचक यात्रा है जिसे हम एक साथ शुरू करने जा रहे हैं, जो सीखने, विकास और अनंत संभावनाओं से भरी है। चाहे यह कक्षा में आपका पहला अनुभव हो या आप अपनी शैक्षिक यात्रा जारी रख रहे हों, मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हम एक साथ इस समय का अधिकतम लाभ उठाएंगे।

प्राथमिक विभाग के विद्यार्थियों ने संगीत शिक्षिका रचना मरकाम के मार्गदर्शन में स्वागत गीत व सुंदर नृत्य से पहली कक्षा के बच्चों का जोरदार स्वागत किया। प्राचार्य यादव ने नए बच्चों और उनके पालकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि हम बच्चों के भविष्य की शैक्षणिक गतिविधियों के लिए एक मजबूत नींव रखेंगे। इंटरैक्टिव गतिविधियों में शामिल होंगे और एक सहायक और समावेशी शिक्षण वातावरण को बढ़ावा देंगे। हमारा उद्देश्य न केवल ज्ञान प्रदान करना है बल्कि विद्यार्थियों की जिज्ञासा, आलोचनात्मक सोच, कौशल और सीखने के प्रति प्रेम को विकसित करना भी है। हमारा मानना है कि प्रत्येक छात्र में अद्वितीय शक्तियां और प्रतिभाएं हैं जो खोजे जाने की प्रतीक्षा कर रही हैं। इसलिए, हम सभी अभिभावकों को सक्रिय रूप से भाग लेने, प्रश्न पूछने और अपने विचार साझा करने के लिए आमंत्रित करते है। कक्षा शिक्षक मनीष सिंह और सीनियर प्राथमिक शिक्षकों ने माता-पिता और अभिभावको को बताया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उनकी भागीदारी और समर्थन बच्चे की वृद्धि और विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। बच्चों को जंक फूड/फ़ास्ट फ़ूड से दूर रखने के लिए प्रेरित किया ।

कार्यक्रम के अंत मे बच्चों को मिठाई वितरित कर निरन्तर विद्यालय में उपस्थित रहने के प्रेरित किया गया।

प्राथमिक विभाग की वरिष्ठ शिक्षिका पूनम वर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के आयोजन में वरिष्ठ शिक्षक ए पी कोरी , सीसीए प्रभारी भगवती लाल भील , संगीत शिक्षिका रचना मरकाम , पूनम वर्मा विशाल हल्दे , राहुल वर्मा ,श्रद्धा चौबे, यशिका राठौड़ व उपस्थित अन्य शिक्षकों ने सहभागिता दी।