युवा शक्ति को नई दिशा: पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल का प्रेरणादायी संवाद
गुना, 18 जून 2026: गुना पुलिस द्वारा आयोजित जनजागरूकता कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने विद्यार्थियों को नशामुक्ति, महिला सम्मान, साइबर सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को जागरूक, जिम्मेदार एवं राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाना था।
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-2 में आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश
पुलिस अधीक्षक वासल ने अपने उद्बोधन में जीवन में अनुशासन, नैतिकता और सकारात्मक सोच अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है और उचित मार्गदर्शन से वे समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
नशामुक्त समाज का संकल्प
उन्होंने ड्रग्स, शराब, तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की सीख देते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आव्हान किया।
महिला सम्मान और सुरक्षा
भारतीय संस्कृति के महान संदेश “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः” का उल्लेख करते हुए उन्होंने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा को समाज की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
साइबर सुरक्षा और करियर पर संवाद
विद्यार्थियों ने साइबर अपराधों से बचाव, लक्ष्य निर्धारण और करियर से जुड़ी जिज्ञासाओं को साझा किया। पुलिस अधीक्षक ने अपने अनुभवों से उनका मार्गदर्शन किया और उन्हें आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान की।
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम में कक्षा 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
सड़क सुरक्षा का संदेश
यातायात प्रभारी अजय प्रताप सिंह ने सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों और उनके पालन की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में, विद्यार्थियों ने नशामुक्ति, महिला सम्मान, साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहते हुए एक जिम्मेदार समाज के निर्माण का संकल्प लिया। इस मौके पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण और विद्यालय परिवार उपस्थित रहा और सभी ने कार्यक्रम की सराहना की।
Continue With Google
Comments (0)