तिलहेरा के किसानों का आरोप - खेत का रास्ता बंद, तहसीलदार को दिया आवेदन 
 
भांडेर तहसील भांडेर के ग्राम तिलहेरा मौजा कुतोली के किसानों ने खेत पर जाने वाले वर्षों पुराने रास्ते को मेड़ बनाकर बंद करने का आरोप लगाया है। 6 किसानों ने 15 जून 2026 को तहसीलदार भांडेर को लिखित आवेदन देकर रास्ता खुलवाने और अवैध कब्जा करने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। 
 
रास्ता बंद होने से खेती प्रभावित
  
संत शरण खरे, अशोक खरे, महेन्द्र खरे, शशांक खरे, रामस्वरूप झा और मसाराम यादव ने आवेदन में बताया कि उनकी कृषि भूमि पर आने-जाने के लिए वर्षों से पुराना रास्ता प्रचलित है। इस रास्ते का उपयोग वे खेती-किसानी, ट्रैक्टर, कृषि यंत्र और फसल लाने-ले जाने के लिए करते आ रहे हैं। 
 
पड़ोसी किसानों पर अवैध कब्जे का आरोप
  
किसानों का आरोप है कि स्वामी शरण श्रीवास्तव, पुत्र स्व. काशी प्रसाद, ब्रजेश यादव, पुत्र मुलायम सिंह यादव और वीरेन्द्र सिंह यादव, पुत्र इन्दर सिंह यादव ने जानबूझकर उक्त पुराने रास्ते पर मेड़ बनाकर रास्ता बंद कर दिया है। रास्ता बंद होने से उनका खेत तक आवागमन अवरुद्ध हो गया है और कृषि कार्य करने में अत्यधिक कठिनाई हो रही है। 
 
विवाद और आर्थिक नुकसान की आशंका
  
आवेदन में कहा गया कि रास्ता बंद करने वालों से कई बार रास्ता खोलने का अनुरोध किया गया, लेकिन वे नहीं मान रहे। किसानों का कहना है कि इससे विवाद की स्थिति निर्मित हो सकती है और भविष्य में शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका है। रास्ता बंद होने से उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 
 
त्काल जांच की मांग
  
किसानों ने तहसीलदार से मामले की गंभीरता देखते हुए मौके का निरीक्षण कराकर अवैध रूप से बनाई गई मेड़ हटवाकर वर्षों पुराने रास्ते को पुनः चालू कराने और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन के साथ मौके की फोटो और संबंधित भूमि दस्तावेज भी संलग्न किए गए हैं। 
 
पटवारी हल्का नंबर 42, राजस्व निरीक्षक मंडल 3, मौजा क्रमांक 452/01, 706/633, 611/02, 634, 635/01, 452/03, 453/01 से संबंधित यह मामला है।।