आलोट। कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत बुधवार शाम अपने काफिले के साथ आलोट पहुंचे। राज्यपाल ने सबसे पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष स्वर्गीय श्रीनिवास गुप्ता के निवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर गहरी संवेदना व्यक्त की।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्व. श्रीनिवास गुप्ता जनसंघ के समय से उनके साथी और घनिष्ठ मित्र रहे। संगठन के शुरुआती दौर में उन्होंने समर्पित भाव से कार्य करते हुए भारतीय जनता पार्टी को मजबूत आधार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका निधन भाजपा परिवार और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।

इसके बाद राज्यपाल सांसद प्रतिनिधि नंदन राज जैन के निवास पहुंचे, जहां आत्मीय चर्चा की। उन्होंने अपने पुराने मित्र एवं भाजपा के वरिष्ठ सदस्य मोहनलाल व्यास से भी उनके निवास पर मुलाकात कर पुरानी स्मृतियों को ताजा किया।

दौरे के दौरान राज्यपाल ने स्वर्गीय शांति देवी त्रिवेदी एवं स्वर्गीय ओम गुप्ता के परिजनों से भी भेंट कर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसके पश्चात वे पूर्व मंडी अध्यक्ष उपेंद्र सिंह यादव के निवास पहुंचे तथा उनसे चर्चा की।

राज्यपाल के आगमन को लेकर नगर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। उनका काफिला नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरा, जहां पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहे।