आमला। बोड़खी नाका क्षेत्र में दिनदहाड़े सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने की सनसनीखेज वारदात का आमला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने नरसिंहपुर और सिवनी जिले के दो शातिर अंतरजिला नकबजनों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर करीब 18 से 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न जिलों में चोरी, नकबजनी, लूट और अन्य गंभीर अपराध पहले से दर्ज हैं।पुलिस के अनुसार 26 मई 2026 को गणेश लॉन के पास बोड़खी नाका निवासी दम्मूलाल सूर्यवंशी ने थाना आमला में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाश उनके सूने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और दो आलमारियों के लॉक तोड़कर करीब 5 लाख रुपये नकद सहित सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर ले गए।मामले में थाना आमला पुलिस ने अपराध क्रमांक 198/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
*वैज्ञानिक और तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस*
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार जैन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे के निर्देशन और एसडीओपी शिवकुमार सिंह के मार्गदर्शन में मामले की जांच आगे बढ़ाई गई।
घटना के बाद अंगुल चिन्ह विशेषज्ञ निरीक्षक आबिद अंसारी ने डॉग स्क्वाड के साथ घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और अन्य साक्ष्यों को जोड़ते हुए पुलिस संदिग्धों तक पहुंची।
3 अगस्त को पुलिस ने जितेंद्र उर्फ मंझले विश्वकर्मा और सुरेंद्र उर्फ विक्की ठाकुर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने वारदात करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर लगभग 18 से 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
*सड़क से दिखा मकान में ताला, 15-20 मिनट में कर डाली चोरी*
पुलिस पूछताछ में वारदात का तरीका भी सामने आया। आरोपियों ने बताया कि वे पहले से किसी खास मकान को निशाना बनाकर नहीं आए थे, बल्कि रास्ते में सूना मकान देखकर मौका मिलते ही चोरी को अंजाम देते थे।
घटना वाले दिन दोनों आरोपी पिपरिया और इटारसी होते हुए बैतूल जिले में पहुंचे थे। उपयुक्त मौका नहीं मिलने पर वापस लौटते समय वे पंखा-आमला मार्ग से बोड़खी क्षेत्र पहुंचे। यहां सड़क से ही दम्मूलाल सूर्यवंशी के मकान पर ताला लगा दिखाई दिया। आरोप है कि दोनों ने महज 15 से 20 मिनट में मकान का ताला तोड़ा, आलमारियां खंगालीं और लाखों का माल लेकर फरार हो गए।
दोनों के खिलाफ विभिन्न जिलों में पहले से गंभीर अपराध दर्ज होने और संगठित रूप से अपराध करने की प्रवृत्ति सामने आने पर पुलिस ने प्रकरण में धारा 111 बीएनएस भी जोड़ी है।
*नरसिंहपुर और सिवनी के रहने वाले हैं आरोपी*
पुलिस ने मामले में जितेंद्र उर्फ मंझले पिता रामकिशन विश्वकर्मा (25), निवासी ग्राम भटेरा, थाना पलोहा बड़ा, जिला नरसिंहपुर तथा सुरेंद्र उर्फ विक्की पिता गोकुल प्रसाद ठाकुर (32), निवासी ग्राम घंसौर, थाना केवलारी, जिला सिवनी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक जितेंद्र उर्फ मंझले के खिलाफ नरसिंहपुर में चोरी और लूट के पांच, रायसेन में चोरी व नकबजनी के दो, सागर के सिविल लाइन थाने में चोरी का एक मामला दर्ज है। इसके अलावा बैतूल जिले के शाहपुर, आमला और बैतूल बाजार थानों में भी उसके खिलाफ चोरी एवं नकबजनी के प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।
वहीं सुरेंद्र उर्फ विक्की के खिलाफ सिवनी जिले के केवलारी और बंडोल थानों सहित सागर, आमला और छिंदवाड़ा जिले में नकबजनी, चोरी, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई प्रकरण दर्ज बताए गए हैं। पुलिस दोनों आरोपियों की अन्य जिलों में आपराधिक गतिविधियों की जानकारी भी जुटा रही है।
*हार, रानीहार, कंगन, मंगलसूत्र सहित लाखों के जेवर बरामद*
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सोने का हार, सोने की चेन, रानीहार, सात जोड़ी सोने के टॉप्स, चार सोने के कंगन, दो मंगलसूत्र, दो लेडीज चेन, एक जोड़ी सोने के झुमके, तीन जोड़ी बिछिया, चांदी के आभूषण, लक्ष्मीजी अंकित 10 चांदी के सिक्के सहित अन्य सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। बरामद संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 18 से 20 लाख रुपये बताई गई है। एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी थाना सिविल लाइन जिला सागर में जब्त की गई है।
*पूरी टीम की रही सराहनीय भूमिका*
सराहनीय भूमिका
इस सनसनीखेज नकबजनी का पर्दाफाश करने में थाना प्रभारी आमला निरीक्षक मुकेश ठाकुर, अंगुल चिन्ह विशेषज्ञ निरीक्षक आबिद अंसारी, उपनिरीक्षक नितिन उईके, उपनिरीक्षक बलराम यादव, प्रधान आरक्षक नीलेश सोनी, अनंतराम यादव, विनय वर्मा, संतोष मालवीय, विवेक टैटवार, विकास वर्मा, इमला इवनाते, सुभाष मकोड़े, आरक्षक विवेक गाडगे (डॉग मास्टर), पवन एनिया, राजेंद्र धाडसे (साइबर सेल), बलराम राजपूत (साइबर सेल), पलक सौलंकी, जितेंद्र पंवार, विशाल चौरसिया, नीरज शेंडे तथा सैनिक शोभाराम पुंडे सहित संपूर्ण पुलिस टीम की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार जैन ने नागरिकों से अपील की है कि लंबे समय के लिए घर सूना छोड़कर बाहर जाने की स्थिति में इसकी जानकारी पड़ोसियों, विश्वसनीय व्यक्ति अथवा निकटतम पुलिस थाने को दें। मकानों में मजबूत ताले और सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 या नजदीकी पुलिस थाने को दें।
Continue With Google
Comments (0)