आमला/बैतूल। कांग्रेस संगठन को बूथ और मंडल स्तर तक मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी बैतूल ने आमला विधानसभा क्षेत्र में नई संगठनात्मक नियुक्तियां करते हुए कार्य विभाजन किया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इस निर्णय से संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी तथा जमीनी स्तर पर कांग्रेस की पकड़ और मजबूत होगी।

राष्ट्रीय सचिव एवं मध्यप्रदेश सहप्रभारी ऊषा नायडू के निर्देशों तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय विनोद डागा की अनुशंसा पर जारी आदेश में विभिन्न मंडलों और नगर संगठन की जिम्मेदारियां वरिष्ठ पदाधिकारियों को सौंपी गई हैं।

*विजय पारधी को मिली तीन मंडलों की जिम्मेदारी*

जारी आदेश के अनुसार जिला कांग्रेस प्रवक्ता विजय पारधी को आमला विधानसभा क्षेत्र के मोरखा, बारंगवाड़ी और हथनोरा मंडलों का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उन्हें इन क्षेत्रों में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करने, बूथ स्तर पर पार्टी को सक्रिय बनाने तथा कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

*आमला नगर मंडल की कमान सुभाष देशमुख को*

वहीं जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष सुभाष देशमुख को आमला नगर मंडल का प्रभारी बनाया गया है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके अनुभव और संगठनात्मक क्षमता का लाभ नगर क्षेत्र में कांग्रेस को मिलेगा तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।

*संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर फोकस*

कांग्रेस द्वारा संचालित संगठन सृजन अभियान का मुख्य उद्देश्य पार्टी संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना, बूथ और मंडल इकाइयों को सक्रिय बनाना तथा स्थानीय जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों पर प्रभावी हस्तक्षेप सुनिश्चित करना है। इसी रणनीति के तहत विभिन्न क्षेत्रों में जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण कर संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ किया जा रहा है।

*कार्यकर्ताओं में उत्साह, दी शुभकामनाएं*

नई जिम्मेदारियां मिलने के बाद आमला क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने विजय पारधी और सुभाष देशमुख को बधाई देते हुए विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और कांग्रेस की गतिविधियां गांव से लेकर नगर स्तर तक अधिक प्रभावी ढंग से संचालित होंगी।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से पार्टी आगामी समय में आमजन से सीधा संवाद स्थापित कर संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने की दिशा में कार्य करेगी।