आमला।खरीफ सीजन की बोनी से पहले खाद, बीज और बिजली संबंधी समस्याओं से जूझ रहे किसानों के समर्थन में बुधवार को नगर कांग्रेस कमेटी आमला ने जोरदार प्रदर्शन किया। नगर कांग्रेस अध्यक्ष अजय सिंह सोलंकी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर में रैली निकालकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बाद में महामहिम राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार आमला को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान समय में आमला ब्लॉक के किसान बोनी की तैयारी छोड़कर खाद-बीज प्राप्त करने के लिए प्रतिदिन ब्लॉक मुख्यालय और कंप्यूटर सेंटरों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। ई-टोकन व्यवस्था और सर्वर संबंधी समस्याओं के कारण किसानों को घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी खाद नहीं मिल पा रही है। सहकारी समितियों और वितरण केंद्रों पर यूरिया एवं डीएपी की कमी बनी हुई है, जबकि निजी दुकानों पर ऊंचे दामों पर खाद की बिक्री की शिकायतें सामने आ रही हैं।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मेंटेनेंस के नाम पर लगातार बिजली कटौती की जा रही है, जिससे किसानों और आम उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं स्मार्ट और इलेक्ट्रॉनिक मीटरों के कारण उपभोक्ताओं पर भारी बिजली बिल का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
कांग्रेस नेता नीरज सोनी ने मांग की कि सहकारी समितियों में तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए, वितरण प्रक्रिया को सरल बनाया जाए, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई हो तथा किसानों को सरकारी निर्धारित दरों पर खाद उपलब्ध कराया जाए। साथ ही अनावश्यक बिजली कटौती पर रोक लगाने और स्मार्ट मीटर व्यवस्था को समाप्त करने की मांग भी की गई।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुभाष देशमुख ने कहा कि ई-टोकन व्यवस्था किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। उन्होंने पूर्व की व्यवस्था के अनुसार पंजीकृत किसानों को सीधे सहकारी समितियों के माध्यम से खाद वितरण किए जाने की मांग की।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष अजय सिंह सोलंकी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस आगामी दिनों में सड़क से सदन तक उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।
इस अवसर पर बिल्लू यादव, सुभाष देशमुख, नीरज सोनी, जितेंद्र शर्मा, नासीर खान, राशिद खान, नितिन गाडरे, किशोर माथनकर, छन्नू बेले, विजय अतुलकर, विजय पारदी, रमेश दामले, सीमा अतुलकर, रेखा कनोजिया, खुश्बू अतुलकर, अलका मानकर, सलीम खान, हरिप्रसाद गोहें, भुरू ठाकुर, गोलू डांगरे, विजय बचले, कमलेश मांकोड़े, प्रमोद सेठिया, रवि घाणेकर, बडू अतुलकर, भरत रावत, दीपक दवडे, अतीक खान, राजेश सुरे, बंटू बेले, राकेश सोने, नितिन सातनकर, सोनू वरवड़े, रमेश प्रजापति, गोलू पारदी, लल्लू यादव, कन्हैया साहू, जीतेश वाईकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Continue With Google
Comments (0)