आमला।नगर के वार्ड क्रमांक 9, भगत सिंह बस स्टैंड क्षेत्र में लंबे समय से खराब पड़ी सड़क की समस्या को लेकर पार्षद कुमारी खुशबू विजय अतुलकर की सक्रिय पहल रंग लाई। क्षेत्र के नागरिकों की लगातार शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पार्षद ने कुछ दिन पूर्व रेलवे रेस्ट हाउस से हॉस्पिटल मोड़ तक के मार्ग की जर्जर स्थिति की जानकारी नगर पालिका एवं रेलवे अधिकारियों को दी थी और शीघ्र मरम्मत की मांग रखी थी।

उक्त मार्ग पर गड्ढों और उबड़-खाबड़ स्थिति के कारण राहगीरों, मरीजों एवं वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों और एम्बुलेंस को भी इस खराब सड़क के कारण असुविधा हो रही थी, जिससे समस्या और गंभीर हो गई थी।

पार्षद की पहल और निरंतर प्रयासों के बाद नगर पालिका ने तत्परता दिखाते हुए उक्त मार्ग पर डस्ट मुरूम डालकर सड़क को समतल एवं सुगम बना दिया है। इस सुधार कार्य के बाद अब क्षेत्र में आवागमन काफी आसान हो गया है और लोगों को बड़ी राहत मिली है। स्थानीय नागरिकों ने भी इस कार्य के लिए संतोष व्यक्त करते हुए पार्षद के प्रयासों की सराहना की है।

पार्षद कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान ही जनप्रतिनिधि की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के विकास एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगी।

इस कार्य के लिए उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष, मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं उपयंत्री सुभाष शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन के सहयोग से ही इस समस्या का शीघ्र समाधान संभव हो सका।