आमला। आयुष विभाग द्वारा ग्राम जौलखेड़ा स्थित श्री उदासीन आश्रम राधाकृष्ण मठ मंदिर में आयोजित श्री शतचंडी महायज्ञ एवं राम कथा के दौरान निःशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 206 लाभार्थियों ने आयुष पद्धति से उपचार एवं स्वास्थ्य परामर्श प्राप्त किया।

शिविर का आयोजन जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर के निर्देशानुसार किया गया। इसमें नोडल अधिकारी डॉ. जितेंद्र वर्मा के मार्गदर्शन में आयुष विभाग के 15 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

शिविर में ग्रामीणों को आयुष चिकित्सा पद्धति के माध्यम से उपचार देने के साथ-साथ संतुलित जीवनशैली, उचित आहार, ध्यान एवं योग के महत्व के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई।

इस दौरान योग प्रशिक्षक मोहित दातिर, झनकलाल निवारे एवं योग सहायक राज अदवारे द्वारा रोगानुसार योग के लाभ बताए गए और उपस्थित लोगों को योगाभ्यास भी कराया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, धर्मप्रकाश जी महाराज एवं सरपंच पदमा कैलाश देशमुख की विशेष उपस्थिति रही।

आयुष पद्धति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।