बैतूल। कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिट्टी के अवैध परिवहन में संलिप्त दो डम्परों को जब्त किया है।

खनिज विभाग की टीम ने 18 मार्च को खनिज अमले के साथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण एवं आकस्मिक कार्रवाई की। इस दौरान तहसील आमला क्षेत्र तथा ग्राम डहुआ (मुलताई) के समीप बिना रॉयल्टी के गिट्टी का परिवहन करते पाए जाने पर एक डम्पर क्रमांक एमपी 48 एच 1625 को जब्त किया गया। उक्त वाहन को पुलिस चौकी दुनावा (मुलताई) की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है।

इसके अलावा, ग्राम नरेरा-बोरदेही रोड, आमला पर ओवरलोड गिट्टी परिवहन करते हुए एक अन्य डम्पर क्रमांक एमपी 48 जेडई 5561 को भी जब्त किया गया। इस वाहन को पुलिस थाना आमला की अभिरक्षा में रखा गया है।

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि दोनों मामलों में संबंधित वाहन संचालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। सभी प्रकरणों को आवश्यक कार्यवाही हेतु अपर कलेक्टर, बैतूल न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।

प्रशासन द्वारा की जा रही इस कार्रवाई से अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी और अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।