नर्मदापुरम 

मूंग उपार्जन केंद्रों का सतत निरीक्षण करें एसडीएम, किसानों को मिले हर सुविधा : कलेक्टर सोमेश मिश्रा
क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने, बाढ़ से निपटने की तैयारियां दुरुस्त रखने और टीएल प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के दिए निर्देश
नर्मदापुरम, कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं टीएल प्रकरणों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी अधिकारी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
बैठक में कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को मूंग उपार्जन केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं केंद्रों पर पहुंचकर किसानों से संवाद करें, उनकी समस्याओं को समझें और मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही सभी उपार्जन केंद्रों पर तौल कांटा, सर्वेयर, बारदाने तथा किसानों के लिए पेयजल, छाया और बैठने जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले के सभी पात्र किसानों का फसल बीमा सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए अधिकारियों को बीमा कंपनियों के साथ बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फसल क्षति की स्थिति में किसी भी पात्र किसान का बीमा दावा तकनीकी कारणों से निरस्त नहीं होना चाहिए और सभी किसानों को समय पर बीमा का लाभ मिले।
बैठक में जिले की क्षतिग्रस्त सड़कों की समीक्षा करते हुए लोक निर्माण विभाग एवं मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के अधिकारियों को गड्ढों की तत्काल मरम्मत एवं सड़क सुधार कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को पकड़कर कांजी हाउस अथवा गौशालाओं में भेजने तथा पशुपालकों द्वारा पशुओं को खुला छोड़ने पर नियमानुसार जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए।
मानसून के मद्देनज़र संभावित बाढ़ की स्थिति को लेकर कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने निचले क्षेत्रों की लगातार निगरानी, आपदा प्रबंधन दल द्वारा मॉक ड्रिल आयोजित करने तथा 24×7 बाढ़ हेल्पलाइन की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर राजेश शुक्ला, अपर कलेक्टर अनिल जैन, संयुक्त कलेक्टर देवेंद्र प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।