आमला। विकासखंड के ग्राम जम्बाड़ा में श्री नरेंद्र मालवी के निवास पर आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा इन दिनों श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हो रही है। कथा के पांचवें दिन नगर पालिका परिषद आमला के अध्यक्ष नितिन गाडरे अपनी माताजी एवं परिवारजनों के साथ कथा स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने व्यासपीठ का पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा श्रद्धापूर्वक कथा श्रवण किया।

कथा वाचक पंडित मिलन पुरी महाराज ने श्रीमद्भागवत के विविध प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन करते हुए भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, धर्म, भक्ति, सत्कर्म और मानव जीवन में आध्यात्मिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मनुष्य को सदाचार, सेवा, त्याग, करुणा और मानवता का संदेश देने वाला दिव्य माध्यम है। कथा के दौरान उपस्थित श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर दिखाई दिए और पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

कथा श्रवण के पश्चात नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे ने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं। ऐसे आयोजनों से लोगों में नैतिक और आध्यात्मिक जागृति का संचार होता है तथा सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूती मिलती है। उन्होंने मालवी परिवार एवं आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर नपा अध्यक्ष एवं उनके परिवार ने व्यासपीठ पर पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। कथा स्थल पर रवि घाणेकर, उमेश देशमुख, चंद्रकला नागले, चंदा बेले, रानी बिसोने, सरस्वती बछले, सुगंती बाई, विद्या बाई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, श्रद्धालु एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए कथा श्रवण एवं प्रसाद वितरण की समुचित व्यवस्था की गई है। ग्राम जम्बाड़ा में आयोजित यह सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा प्रतिदिन बढ़ती श्रद्धालुओं की उपस्थिति के साथ भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बनी हुई है। कथा के समापन तक विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।