आमला। पंजाब सेवा समिति, आमला के सदस्यों द्वारा बुधवार 4 मार्च 2026 को रंगों का पर्व होली अत्यंत सादगी और सामाजिक संदेशों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और समाज के प्रत्येक घर पहुंचकर परिवारजनों का कुशलक्षेम जाना। सभी ने साथ बैठकर जलपान ग्रहण किया और विश्व शांति, प्रकृति संरक्षण तथा सामाजिक एकजुटता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठ सदस्य श्री ओमप्रकाश गुगनानी और श्री मदनलाल गुगनानी ने कहा कि वर्तमान समय में विश्व का परिदृश्य अच्छे संकेत नहीं दे रहा है। ऐसे समय में भारत की सनातन परंपराएं अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि हमारे सभी त्योहारों का मूल संदेश “वसुधैव कुटुंबकम” है, अर्थात पूरा विश्व एक परिवार है और मानव का कर्तव्य है कि वह विश्व कल्याण की भावना के साथ जीवन जिए।

वहीं श्री राजीव मदान, हेमंत गुगनानी, चरणजीत गुगनानी, नवीन गुगनानी, यश गुगनानी और शिवम बत्रा ने कहा कि रंगों का त्योहार होली हमें ऋतु परिवर्तन का एहसास कराता है और यह भी सिखाता है कि जैसे मौसम हमेशा एक जैसे नहीं रहते, वैसे ही मनुष्य का जीवन भी निरंतर बदलता रहता है। हमें हर परिवर्तन को स्वीकार करते हुए सकारात्मक कार्य करते रहना चाहिए।

किशोर गुगनानी ने कहा कि जैसे रंगों में विविधता होती है, वैसे ही जीवन भी विविधताओं से भरा होना चाहिए। निराशा को उत्साह में, क्रोध को धैर्य में, नफरत को प्रेम में और नकारात्मकता को सकारात्मकता में बदलने की कला ही एक सच्चे और कल्याणकारी जीवन की पहचान है।

इस अवसर पर समाज के श्री सुभाषचंद्र बत्रा, सुरेश बत्रा, वीरेंद्र मनोचा सहित आरएसएस नगर कार्यवाहक श्री सुपर कुमार भी उपस्थित रहे।