मध्यप्रदेश के सागर जिले में किसानों का जन-आक्रोश: समस्याओं के समाधान की मांग

मध्यप्रदेश के सागर जिले की देवरी विधानसभा में किसानों और आम नागरिकों की समस्याओं को लेकर जन-आक्रोश बढ़ता जा रहा है। पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन देने जनपद पंचायत परिसर केसली पहुँचे। एसडीएम की अनुपस्थिति में तहसीलदार केसली को महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

गेहूँ खरीदी और सैटेलाइट सर्वे पर सवाल

ज्ञापन में मुख्य रूप से गेहूँ खरीदी प्रक्रिया में आ रही विसंगतियों को रेखांकित किया गया है। किसानों का आरोप है कि सैटेलाइट के गलत सर्वे के कारण कई पात्र किसानों की उपज नहीं खरीदी जा रही है। ज्ञापन में मांग की गई है कि:

  • पंजीकृत सभी किसानों का पूरा गेहूँ खरीदा जाए।
  • गेहूँ खरीदी में देरी के कारण 31 मार्च 2026 तक डिफाल्टर घोषित किसानों से 14% ब्याज वसूली तुरंत बंद हो।
  • सहकारी ऋण वसूली की अंतिम तिथि वही रखी जाए जो गेहूँ खरीदी की अंतिम तारीख हो।
  • तुलाई क्षमता बढ़ाकर 4000 क्विंटल प्रतिदिन की जाए और केवल धर्मकांटे से ही तौल की व्यवस्था हो।

पेयजल संकट और भ्रष्टाचार के आरोप

क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच पेयजल की गंभीर स्थिति पर चिंता जताते हुए पीएचई विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए। ज्ञापन में कहा गया कि जल जीवन मिशन के तहत अरबों रुपये की योजनाओं में भारी भ्रष्टाचार हुआ है, जिसके कारण ग्रामीण क्षेत्रों के हैंडपंप खराब पड़े हैं और जनता प्यासी है।

बिजली कटौती और नरवाई का मुद्दा

किसानों ने मांग की है कि 5 हॉर्सपावर तक के कृषि कनेक्शनों को निःशुल्क और निर्बाध बिजली दी जाए। वर्तमान में हो रही अघोषित बिजली कटौती और भारी-भरकम बिजली बिलों से आम जनता त्रस्त है। साथ ही, नरवाई जलाने के मामलों में किसानों पर दर्ज होने वाले केस पर तब तक रोक लगाने की मांग की गई जब तक शासन संसाधन उपलब्ध नहीं करा देता।

चेतावनी: निराकरण न होने पर उग्र आंदोलन

पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि शासन-प्रशासन इन जनहितैषी मांगों पर शीघ्र कार्यवाही नहीं करता है, तो आने वाले समय में क्षेत्र के किसानों के साथ मिलकर भूख हड़ताल और उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव के साथ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शिवराज सिंह, पूर्व सरपंच सालकराम खेहुरिया, सुखदेव अरेले, संदीप अरेले, नीलेश रिछारिया, हरिशंकर विश्वकर्मा, अनिल सिंघई, गुठ्ठल तिवारी, पलटू यादव, अरविंद साहू, नीलेश विश्वकर्मा, अरविंद यादव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक और किसान उपस्थित रहे।