आमला। आमला तहसील के ग्राम नाँदपुर में सड़क एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से एक ग्रामीण के घर में बारिश का पानी घुस गया। पीड़ित ने ग्राम पंचायत पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शीघ्र नाली निर्माण और स्थायी समाधान की मांग की है।

ग्राम नाँदपुर निवासी हेमंत पटवारी ने बताया कि उनके घर के सामने सड़क और नाली का निर्माण नहीं होने के कारण प्रत्येक बारिश में पानी सीधे घर में भर जाता है। इससे परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और घर में रहना तक मुश्किल हो गया है।

हेमंत पटवारी के अनुसार उन्होंने इस समस्या की जानकारी ग्राम पंचायत के सरपंच, उपसरपंच एवं सचिव को कई बार दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि पंचायत प्रतिनिधियों ने "कंप्लेंट कर दो" कहकर उन्हें टाल दिया। शिकायत किए दो-तीन दिन बीत जाने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि घर में छोटे-छोटे बच्चे हैं। बारिश के दौरान घर में पानी भरने से सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों के आने का खतरा बना रहता है, जिससे पूरा परिवार भय के माहौल में रहने को मजबूर है। शुक्रवार को हुई बारिश में एक बार फिर घर में पानी घुस गया, जिससे घरेलू सामान भी प्रभावित हुआ और परिवार को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

पीड़ित ने बताया कि जब उन्होंने पंचायत से नाली निर्माण कराने का अनुरोध किया तो उन्हें जवाब मिला कि "कल आकर देखता हूं और अपने घर के सामने ऊंचा करवा लो।"

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क और नाली का निर्माण कराया जाता तो ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती। उन्होंने पंचायत से तत्काल जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया और किसी प्रकार की जनहानि होती है तो इसकी जिम्मेदारी ग्राम पंचायत की होगी।