आमला। गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा (15 जुलाई से 29 जुलाई 2026) के अंतर्गत मंगलवार को शासकीय सांदीपनि विद्यालय, आमला में विद्यार्थियों के लिए योगाभ्यास एवं गुरु महिमा गीत वाचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, गुरु के प्रति सम्मान और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में संगीत शिक्षिका भारती वंशकार तथा छात्राओं शिखा पवार एवं आयुषि पांडे ने गुरु महिमा गीत की मनमोहक प्रस्तुति देकर गुरु के महत्व को रेखांकित किया। वहीं स्पोर्ट्स शिक्षिका दीपिका नागर के मार्गदर्शन में छात्राओं याशिका, भूमिका, प्रियांशी तथा छात्र नवीन अटारे ने योगाभ्यास कराया और नियमित योग के लाभों की जानकारी दी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार खैरवाल, शिक्षक प्रदीप नागले एवं डॉ. सतीश साहू ने विद्यार्थियों को गुरु-शिष्य परंपरा, नैतिक मूल्यों, अनुशासन तथा व्यक्तित्व निर्माण के महत्व पर प्रेरक विचार साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने गुरुजनों का सम्मान करने और उनके मार्गदर्शन में जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन शिक्षक परवेज आलम द्वारा सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने बताया कि गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के दौरान विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
Continue With Google
Comments (0)