आमला। बोड़खी क्षेत्र से शिवभक्तों का एक श्रद्धालु दल पवित्र अमरनाथ यात्रा के लिए गुरुवार को रवाना हुआ। जैसे ही पातालकोट एक्सप्रेस आमला रेलवे स्टेशन पहुंची, पूरा स्टेशन परिसर "बम-बम भोले" और "हर-हर महादेव" के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं के चेहरों पर बाबा बर्फानी के दर्शन की उत्सुकता और मन में अटूट आस्था साफ दिखाई दे रही थी।
यात्रा पर रवाना हो रहे श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देने और विदा करने के लिए बड़ी संख्या में नगरवासी एवं गणमान्य नागरिक रेलवे स्टेशन पहुंचे। इस अवसर पर गुणवंतसिंह चड्डा, नितिन जैन और बंटी छतवानी ने सभी शिवभक्तों का पुष्पमालाओं से स्वागत कर उन्हें मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं। श्रद्धालुओं की विदाई के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और स्टेशन परिसर शिवमय नजर आया।
यह पावन यात्रा क्षेत्र के सक्रिय युवा राजा बोडखे के नेतृत्व में आयोजित की जा रही है। श्रद्धालु कठिन पर्वतीय मार्गों से होकर बाबा बर्फानी के पवित्र धाम पहुंचेंगे, जहां वे भगवान शिव के दर्शन कर क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे।
यात्रा पर रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं ने बताया कि वे पिछले कई दिनों से इस धार्मिक यात्रा की तैयारियों में जुटे हुए थे। बाबा बर्फानी के दर्शन का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य और आस्था का विषय है।
इस श्रद्धालु दल में राजा बोडखे के साथ लोकेश साहू, नीरज झाड़े, भरत रावत, सुभाष निरापुरे, बबलू मासोदकर, बॉबी साहू, नवीन पवार सहित अन्य शिवभक्त शामिल हैं, जो पूरे क्षेत्र की खुशहाली और जनकल्याण की प्रार्थना लेकर बाबा अमरनाथ के दरबार में हाजिरी लगाएंगे।