आमला। अधिक मास के पावन अवसर पर नगर के श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर, पुराना थाना आमला में सोमवार से श्री रामचरितमानस के अखंड पाठ का शुभारंभ हुआ। धार्मिक वातावरण के बीच वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ प्रातः 9 बजे अखंड रामायण पाठ प्रारंभ किया गया।
आयोजकों ने बताया कि रामायण मानव जीवन को धर्म, सत्य, मर्यादा और आदर्शों का संदेश देने वाला महान ग्रंथ है। मान्यता है कि जहां रामचरितमानस का पाठ और प्रभु श्रीराम का गुणगान होता है, वहां स्वयं पवनपुत्र हनुमान जी की कृपा बनी रहती है। इसी उद्देश्य से अधिक मास में इस पुण्यदायी आयोजन का आयोजन किया जा रहा है।
मंदिर परिसर में रामायण की चौपाइयों और भजनों से भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर रामकथा का श्रवण कर रहे हैं तथा धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं। अखंड पाठ का समापन मंगलवार 9 जून को होगा, जिसके उपरांत महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा।
आयोजन समिति ने नगर एवं क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अखंड रामायण पाठ में शामिल होकर प्रभु श्रीराम एवं हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।