आमला। आमला तहसील के ग्राम सेमरिया खुर्द के पांच श्रमिकों ने मजदूरी का भुगतान नहीं करने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और श्रम विभाग से शिकायत की है। शिकायत में यदुवंशी ट्रेडर्स के संचालक अभिराम यदुवंशी के खिलाफ कार्रवाई कर बकाया मजदूरी दिलाने की मांग की गई है।

मुख्य आवेदक दीपक सरिया (पेंटर) सहित मनोज सरिया, नीलेश यादव, बलराम यादव और दीपक बिन्झाड़े ने शिकायत में बताया कि उन्होंने करीब 11 महीने तक काम किया। इस दौरान कुल 90 हाजिरी के अलावा मकान की पेंटिंग का 81 हजार रुपये तथा दुकान की पेंटिंग का 25 हजार रुपये का ठेका लिया था।

शिकायत के अनुसार, श्रमिकों ने दुकान का पेंटिंग कार्य पूरा कर दिया, जबकि मकान का कार्य भुगतान नहीं मिलने के कारण बीच में छोड़ना पड़ा। उनका आरोप है कि दुकान के काम के एवज में केवल 16,650 रुपये का भुगतान किया गया, जबकि मकान के काम का कोई भुगतान नहीं किया गया।

श्रमिकों का कहना है कि जब उन्होंने अपना हिसाब करने और बकाया राशि की मांग की तो संचालक ने भुगतान से इनकार करते हुए कहा, तूने काम नहीं किया, तेरे कोई पैसे नहीं हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद उन्हें धमकाया भी गया।

श्रमिकों ने जिला प्रशासन, पुलिस और श्रम विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर बकाया मजदूरी दिलाने तथा शिकायत के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

 

 

 

 

नोट- उक्त जानकारी आवेदक/ शिकायतकर्ता अजय जीतपुरे द्वारा मीडिया प्रतिनिधियों को केवल सूचनार्थ प्रेषित की गई है। विस्तृत जानकारी के लिए संपर्क करें +916267225661

संलग्न: शिकायत आवेदन