युवा शक्ति कप 2026 का भव्य समापन, छत्तीसगढ़ की आरआर बॉयज बनी चैंपियन
बुधनी।
14 जनवरी से प्रारंभ हुई युवा शक्ति कप सीजन–7 क्रिकेट प्रतियोगिता का रविवार को भव्य एवं ऐतिहासिक समापन हुआ। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता स्वर्गीय पवन पटेल की स्मृति में आयोजित की गई थी, जिसमें प्रदेश सहित अन्य राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया।
समापन दिवस पर दो सेमीफाइनल और एक रोमांचक फाइनल मुकाबला खेला गया। फाइनल मैच भोपाल एच एम एकता 11 एवं छत्तीसगढ़ की आरआर 11   टीम के बीच हुआ, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए आर आर इलेवन   ने खिताब पर कब्जा जमाया।
समापन समारोह में क्षेत्रीय विधायक रमाकांत भार्गव, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह राजपूत, अर्जुन मालवीय, किशन मालवीय, सतीश गुप्ता, महेश राठौर  सहित अनेक जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे। बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार 3 लाख रुपये नकद एवं आकर्षक ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को डेढ़ लाख रुपये नकद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी विशेष पुरस्कार दिए गए।
प्रतियोगिता के दौरान स्वर्गीय पवन पटेल के भाई पंकज पटेल ने श्रद्धांजलि स्वरूप दर्शकों के बीच 10 एंड्रॉयड मोबाइल फोन वितरित किए, जिससे पूरे मैदान में उत्साह और भावनात्मक माहौल देखने को मिला।
इसी अवसर पर क्षेत्रीय विधायक द्वारा ग्राउंड पर घोषणा की गई कि दशहरा मैदान में शीघ्र ही हाईमास्ट/बेहतर लाइट व्यवस्था कराई जाएगी, जिससे भविष्य में रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन भी संभव हो सकेगा।