सिलवानी में सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से 8 वर्षीय बालक गंभीर घायल, तीन घंटे रहा चक्काजाम
सिलवानी थाना क्षेत्र से एक दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है। गुरुवार दोपहर उदयपुरा मार्ग पर ग्राम चिल्ली के पास एक ट्रक ने आठ वर्षीय बालक को टक्कर मार दी। हादसे में दीपक कुशवाहा (8) वर्ष, पिता हरिगोविंद कुशवाह, निवासी हथोड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बालक कुछ लोगों के साथ सरे भरते हुए बोरास की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने उसे चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि बच्चे के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बालक को सिविल अस्पताल सिलवानी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रायसेन रेफर कर दिया।
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर उदयपुरा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम लगभग तीन घंटे तक चला, जिससे यातायात प्रभावित रहा।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही सिलवानी थाना प्रभारी पूनम सविता, एसडीओपी अनिल मौर्य, एसडीएम हर्षल चौधरी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को समझाइश दिए जाने के बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Continue With Google
Comments (0)