राष्ट्रीय शूटिंग बॉल स्पर्धा में बम्होरी के दो सगे भाई करेंगे मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व
रायसेन/बम्होरी। रायसेन जिले के बम्होरी क्षेत्र के लिए यह गर्व का विषय है कि यहां के दो सगे भाई कामरान और शहरान का चयन 44वीं सीनियर राष्ट्रीय शूटिंग बॉल प्रतियोगिता के लिए मध्य प्रदेश टीम में हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता शूटिंग बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में 9 से 11 जनवरी तक महाराष्ट्र में आयोजित की जाएगी। कामरान और शहरान लंबे समय से शूटिंग बॉल खेल में सक्रिय हैं और अपने निरंतर प्रदर्शन के दम पर मध्य प्रदेश टीम में स्थान बनाते आ रहे हैं। दोनों खिलाड़ियों का चयन उनकी खेल प्रतिभा के साथ-साथ जिले में खेल गतिविधियों के प्रति बढ़ती जागरूकता को भी दर्शाता है। शहरान इससे पूर्व शूटिंग बॉल वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर चुके हैं। अब राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में दोनों भाई मध्य प्रदेश की ओर से मैदान में उतरेंगे। दोनों खिलाड़ियों के चयन से बम्होरी सहित रायसेन जिले के खेल प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है। खेल प्रेमियों एवं शुभचिंतकों ने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन और सफलता के लिए दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।
Continue With Google
Comments (0)