‘अर्जुन कप’ के चौथे संस्करण का भव्य आगाज

मुंगावली। विधानसभा क्षेत्र में खेल और उत्साह की धूम मची है। मुंगावली विधायक के सुपुत्र एवं ज्ञानालय परिवार के मुखिया, अर्जुन सिंह यादव द्वारा आयोजित ‘चतुर्थ अर्जुन कप नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट’ का शुभारंभ जेल तालाब मैदान में हुआ। इस समारोह में एमपीसीए अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जिनका नगर में ऐतिहासिक स्वागत किया गया।

मैदान पर सिंधिया-यादव की जोड़ी का जलवा

टूर्नामेंट के शुभारंभ के दौरान मैदान पर एक अद्वितीय दृश्य देखने को मिला। जहां महानआर्यमन सिंधिया बल्लेबाजी करने उतरे, वहीं अर्जुन सिंह यादव ने गेंदबाजी का मोर्चा संभाला। सिंधिया के शानदार शॉट्स और अर्जुन की गेंदबाजी ने दर्शकों का दिल जीत लिया। मैदान ‘महाराज’ और ‘अर्जुन भैया’ के नारों से गूंज उठा।

ज्ञानालय परिवार का अनूठा प्रयास

अर्जुन सिंह यादव और उनके ज्ञानालय परिवार द्वारा आयोजित यह टूर्नामेंट अब मुंगावली की पहचान बन गया है। इस साल 180 से अधिक टीमें इस क्रिकेट महाकुंभ में हिस्सा ले रही हैं। अर्जुन सिंह यादव का मानना है कि इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को निखारना और उन्हें एक बेहतर मंच प्रदान करना है।

शहर में सिंधिया का भव्य स्वागत

महानआर्यमन सिंधिया के प्रथम नगर आगमन पर पुष्पवर्षा और भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। शहर के मुख्य चौराहों पर मंच सजाकर उनका स्वागत किया गया। युवाओं और कार्यकर्ताओं में अपने प्रिय नेता के साथ सेल्फी लेने की होड़ मच गई। ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ पूरा शहर सिंधियामय हो गया।

इस अवसर पर मुंगावली विधायक बृजेन्द्र सिंह यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक तिवारी, ज्ञानालय परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे। दूधिया रोशनी में होने वाले इस नाइट टूर्नामेंट से ग्रामीण अंचलों के खिलाड़ियों में खासा उत्साह है।