नफीस खान सीहोर।
मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के इछावर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां ग्राम मैना और खामखेडा के बीच रुके गाडर-बकरी चराने वाले परिवारों के डेरे में अचानक बड़ी संख्या में पशुओं की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, अब तक लगभग 150 से 200 गाडर-बकरियां मर चुकी हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पशुपालकों के अनुसार, 22 फरवरी को ग्राम मैना के साप्ताहिक बाजार से खरीदी गई पीसी (पिसी हुई) हल्दी को पानी में घोलकर जानवरों को पिलाया गया था। हल्दी पिलाने के कुछ ही देर बाद पशुओं में उल्टी, अत्यधिक कमजोरी, अचानक गिरना जैसे गंभीर लक्षण दिखाई देने लगे। स्थिति बेकाबू हो गई और देखते ही देखते एक के बाद एक बड़ी संख्या में बकरियां और गाडर मर गए।
पशुपालकों ने आशंका जताई है कि बाजार से खरीदी गई हल्दी में मिलावट या किसी जहरीले तत्व की मौजूदगी हो सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में पशुओं की अचानक मौत कोई सामान्य घटना नहीं है। इस मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है, ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो सके और आगे ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। इस घटना से प्रभावित परिवारों की आर्थिक स्थिति पर भी गहरा असर पड़ा है, क्योंकि गाडर-बकरी उनके मुख्य आजीविका का साधन हैं। स्थानीय प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग को सूचना दी गई है।

Continue With Google
Comments (0)